Wednesday, 22 August 2018


                                                                          अपठित ३५ 
आजकल लगभग हर दिन दुर्घटनाएँ होती रहती हैं | कभी-कभी तो इतनी भयानक होती हैं कि लोग जीवन से भी हाथ धो बैठते हैं, और यदि बच भी गए तो या तो अंग-भंग हो जाते हैं या विकृत हो जाते हैं | जो धनहीन हैं वे इस विकृति के साथ जीवन जीने को विवश होते हैं ,जो धनवान होते हैं वे अपने विकृत अंग को सुधारने के लिए भांति-भांति के प्रयास करते हैं और बहुत कुछ सुधार कर भी लेते हैं | विकृत अंग को सुधारने-सजाने के कार्य को हम प्लास्टिक सर्जरी कहते हैं , जिसे शल्य चिकित्सक करते हैं | इसी प्रकार मनुष्य का कोई अपना बहुत ही प्रिय जब आघात देता है तब उसकी चोट सीधे ह्रदय पर लगती है | उस पीड़ा से मानसिक तनाव होता है , इस तनाव से अन्य कई बीमारियाँ जन्म ले लेती हैं | मानसिक इलाज के लिए मनुष्य मनोचिकित्सक के पास जाता है | मानसिक सर्जरी मनोचिकित्सक के साथ-साथ व्यक्ति स्वयं अपनी सर्जरी स्वयं कर सकता है |
भावनात्मक निशानों या फिर मन की गहरी चोटों का इलाज किसी डॉक्टर द्वारा नहीं किया जा सकता , इसके लिए हमें स्वयं ही मानसिक घावों को पूरी तरह काटकर बाहर निकलना होगा | जिस प्रकार सर्जरी के लिए उपकरणों की आवश्यकता होती है , उसी प्रकार मानसिक सर्जरी के लिए क्षमा ,आत्मसम्मान, ईमानदारी , करुणा , प्रेम और आत्मविश्वास जैसे उपकरणों की आवश्यकता होती है | ये सभी उपकरण ईश्वर ने मनुष्य को सहज ही दिए हैं | मनुष्य ही इनका प्रयोग करना भूल जाता है ,इससे मन के घाव बढ़ते जाते हैं | शरीर की सर्जरी करने के लिए एक कुशल सर्जन की आवश्यकता होती है , उसी प्रकार मानसिक सर्जरी के लिए किसी चिकित्सक की नहीं बल्कि व्यक्ति के सकारात्मक दृष्टिकोण की आवश्यकता होती है | सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करना हर इंसान के लिए कठिन तो है पर असंभव नहीं | जीवन में सुख-दुःख समान रूप से आते रहते हैं ,इसी तरह शारीरिक व मानसिक चोटें भी जीवन का एक हिस्सा हैं | इन्हें जीवन से निकाला नहीं जा सकता , लेकिन कम किया जा सकता है | हम सड़क पर चलते हुए दुर्घटनाओं से सावधान रहते हैं, ठीक उसी तरह क्रोध और लड़ाई के समय मानसिक दुर्घटना से सावधान रहना चाहिए और आवेश अथवा क्रोध में अनर्गल वार्तालाप नहीं करना चाहिए | क्रोध करने से मस्तिष्क पर बुरा प्रभाव पड़ता है यहाँ तक कि दिमाग की नसें भी फट सकती हैं | अंततः स्वयं को इनसे बचाने के लिए हमें अपने अंतर्मन में धैर्य,शांति और क्षमा आदि गुणों को विकसित करना चाहिए |
प्रश्न १ – गद्यांश के अनुसार मनुष्य के अंगों में विकृति आ जाती है |
कैसे ? स्पष्ट कीजिए |
प्रश्न २ – अंगों कोसुधारने का कार्य कौन करता है, तथा इस कार्य को क्या कहते हैं ?
प्रश्न ३ – मानसिक चोट के इलाज के लिए मनुष्य किसके पास जाता है ?
प्रश्न ४ – मानसिक सर्जरी के लिए कौन-कौन से उपकरणों की आवश्यकता होती है ?
प्रश्न ५ - मानसिक सर्जरी के लिए मनुष्य का दृष्टिकोण कैसा होना चाहिए ?
प्रश्न ६ – हमें अपने अंतर्मन में किन गुणों का विकास करना चाहिए ?
प्रश्न ७ – निम्नलिखित शब्दों के विलोम शब्द लिखिए –
१ – धनवान x ३ – गुण x
२ - सुख x ४ – शांति x
प्रश्न ८ – गद्यांश से चार संज्ञा शब्द चुनकर लिखिए –
१ - २ -
३ - ४ -
प्रश्न ९ – निम्नलिखित शब्दों के वचन बदलिए –
१ – बीमारियाँ x २ – चोटों x
३ – दुर्घटना x ४ – नसें x
प्रश्न – आप गद्यांश को क्या नाम देना चाहेंगे ?

Thursday, 9 August 2018


                                                             अपठित ३४

संकल्प शब्द देखने, सुनने तथा लिखने में कुछ ख़ास नहीं है, केवल साढ़े तीन अक्षरों का मेल है | किन्तु इसमें छिपे रहस्य को केवल वे लोग ही जान पाते हैं, जो इस पर विश्वास करते हैं , इसे दृढ़ता से अपनाते हैं | संकल्प का बीज जब मन में डाला जाता है तब सारे प्रयास उसी दिशा में स्वतः होने लगते हैं | सारे रास्ते उस दिशा की ओर चल पड़ते हैं | सारी परिस्थितियाँ अनुकूल हो जाती हैं | एक अवसर ऐसा भी आता है जब शरीर थकने लगता है किन्तु संकल्प का बीज अंकुरित एवं विकसित होने से रुकता नहीं है | एक संकल्प ही तो है जिसके बल पर अर्जुन ने घूमती मछली की आँख में लक्ष्य साधा था | देश की आजादी का संकल्प ले अनगिनत महावीरों ने अपने प्राणों की आहुति दी और देश को स्वतंत्र कराया | संकल्प, संकल्प होता है, उसका कोई विकल्प नहीं होता | यदि हम संकल्प में विकल्प को तलाशेंगे तो लक्ष्य को नहीं पा सकते | किन्तु सच तो यह है कि आज जब हम कोई संकल्प लेते हैं तो विकल्पों की एक लम्बी कड़ी हमारे सामने खुलने लगती है कि यदि ‘ऐसा नहीं हुआ तो ऐसा कर लेंगे नहीं तो ऐसा तो हो ही जाएगा’ | अगर हमारे स्वतंत्रता सेनानी, स्वतंत्रता का विकल्प ढूंढते तो परिस्थितियाँ कुछ और होतीं | संकल्प का मतलब है बस यही, कुछ और नहीं’ | ‘यह भी और वह भी’ विकल्पों के संकेत हैं | हमें अपनी सामर्थ्य के अनुसार संकल्प करने चाहिए | संकल्प यदि छोटे से बड़े की ओर हों तो उनके पूर्ण होने में संदेह नहीं होता | तो आज से अभी से छोटे-छोटे संकल्प करें जैसे – पानी बचाने का, पेड़ों की सुरक्षा का, लोगों को साक्षर बनाने का | इस प्रकार के संकल्प समाज की प्रगति तो करते ही हैं साथ ही आत्मसंतुष्टि भी प्रदान करते हैं | 
प्रश्न १ – आपने अनुच्छेद ध्यान से पढ़ा है , आप इसे क्या नाम देना चाहेंगे ?
प्रश्न २ – संकल्प का बीज अंकुरित होते ही क्या-क्या होने लगता है ?
प्रश्न ३ – संकल्प शब्द में छिपे रहस्य को कौन जान पाता है ? 
प्रश्न ४ – ‘संकल्प का कोई विकल्प नहीं होता’ स्पष्ट कीजिए 
प्रश्न ५ – हमें कैसे संकल्प करने चाहिए ? उदाहरण देकर समझाइए |
प्रश्न ६ – ‘साक्षर’ शब्द से आप क्या समझते हैं ? 
प्रश्न ७ – गद्यांश में से दो भाववाचक संज्ञा शब्द ढूँढ़ कर लिखिए |
प्रश्न ८ - गद्यांश में से दो शब्द चुनिए जिनमें ‘इत प्रत्यय’ लगा हो |
प्रश्न ९ – निम्नलिखित शब्दों के दो-दो पर्यायवाची शब्द लिखिए –
१- आँख २ - आज़ादी 
प्रश्न १० – निम्नलिखित शब्दों में (वि एवं निर) उचित उपसर्ग लगाकर नया शब्द बनाइए –
१- बल २- देश