Wednesday, 22 June 2016

                          अपठित गद्यांश ३ 
राजा सोहन सिंह अपनी प्रजा से बहुत प्यार करते थे | एक दिन उन्होंने अपने मंत्री से पूछा कि नगर में सबसे बुजुर्ग व्यक्ति कौन हैं ? सोहन सिंह जानते थे कि बुजुर्गों के पास काफी अनुभव होता है और वे उस अनुभव के महत्त्व को महसूस करना चाहते थे | मंत्री ने जानकारी हासिल करने के बाद बताया कि मनोहर नाम का एक दर्जी है ,जो करीब अस्सी वर्ष का है और नगर में सबसे सक्रिय बुजुर्ग है | वह आज भी अपनी दुकान चलाता है| सभी लोग उसका बहुत आदर करते हैं | अगले ही दिन राजा अपने मंत्री के साथ वेश बदलकर मनोहर की दुकान में पहुँच गए | मनोहर अपने काम में लगा हुआ था, उसने राजा को ग्राहक समझकर अभिवादन किया |
राजा ने कहा कि वह कुछ देर उसकी दुकान में विश्राम करना चाहता है| मनोहर ने उन्हें इसकी अनुमति दे दी और कपडे सिलने का अपना काम शुरू कर दिया | राजा और उनका मंत्री लगातार मनोहर के काम पर नजर रखे हुए थे | उन्होंने देख कि मनोहर कपड़ा काटने के लिए कैंची को उठाता , कपड़ा काटता और फिर उसे जमीन पर रख देता | इसके बाद वह टोपी में से सूई निकालता और कपड़ा सिलने लगता | इसके बाद वह फिर से अपनी सूई को टोपी में लगा लेता |
यह क्रम लम्बे समय तक जारी रहा | जिज्ञासावश राजा ने मनोहर से पूछा "आप कैंची को जमीन पर रख रहे हैं और सूई को टोपी में लगा रहे हैं ऐसा क्यों" ? मनोहर ने राजा की ओर देखते हुए कहा "यह एक ऐसा सबक हैं जो मुझे जिंदगी ने सिखाया हैं| कैंची काटकर बाँटने का काम करती है,इसलिए उसकी जगह पैरों में ही होनी चाहिए | वहीँ सूई दो कपड़ों को सिलने का काम करती है , इसीलिए उसकी जगह सिर पर होनी चाहिए | मैं जिंदगी में लोगों को इसी तरह रखता हूँ "|
यह सुनकर राजा ने मनोहर को अपनी पहचान बताई और प्रणाम किया | इसके बाद उन्होंने मनोहर को इनाम देकर अपना ख़ास सलाहकार बना लिया |    

प्रश्न १-राजा बुजुर्गों से क्या प्राप्त करना चाहते थे ?
प्रश्न २-मंत्री ने राज्य में सबसे बुजुर्ग व्यक्ति का क्या नाम बताया एवं उनका क्या व्यवसाय था ?
प्रश्न ३ -राजा एवं मंत्री ने क्या कहकर बुजुर्ग की दुकान में प्रवेश किया ?
प्रश्न ४- मनोहर  कैंची तथा सुई को कहाँ -कहाँ रखता था ?
प्रश्न ५-मनोहर के उत्तर से संतुष्ट होकर राजा ने उसके साथ कैसा बर्ताव किया ?
प्रश्न ६-गद्यांश में से दो व्यक्तिवाचक संज्ञा एवं दो जातिवाचक संज्ञा चुनकर लिखिए |
प्रश्न ७-गद्यांश में से चार सर्वनाम शब्द  चुनकर लिखिए |  
प्रश्न ८-गद्यांश में से दो संयुक्ताक्षर शब्द  चुनकर लिखिए |

                                                           उत्तर -पत्र
उत्तर १ राजा बुजुर्गों से उनके  अनुभव प्राप्त करना  चाहते थे |
उत्तर २ मंत्री ने राज्य में सबसे बुजुर्ग व्यक्ति का नाम मनोहर बताया एवं उनका व्यवसाय कपड़े सिलना था | 
उत्तर ३-राजा एवं मंत्री ने विश्राम करने की इच्छा व्यक्त करते हुए बुजुर्ग की दुकान में प्रवेश किया |  
उत्तर ४- मनोहर  कैंची जमीन पर तथा  सूई को टोपी में रखता था | 
उत्तर ५-मनोहर के उत्तर से संतुष्ट होकर राजा ने मनोहर को इनाम देकर अपना ख़ास सलाहकार बना लिया   
उत्तर ६-व्यक्तिवाचक संज्ञा १-मनोहर  २- सोहन  
       जातिवाचक संज्ञा  १-राजा    २-मंत्री
उत्तर ७-सर्वनाम शब्द १ -उन्होंने   २-अपने  ३-उसने  ४-उनका
 उत्तर ८-संयुक्ताक्षर शब्द  १ विश्राम        २- प्रणाम

1 comment: