अपठित २९
नजर उठाकर जहाँ भी देखें आपको हर इंसान दुःख ,अवसाद ,तृष्णा ,घृणा
,नफरत ,ईर्ष्या आदि जैसे दुर्गुणों से त्रस्त दिखाई देगा | प्रत्येक इंसान
तनावग्रस्त है | जीवन शैली इतनी नीरस हो चुकी है कि उमंग-उल्लास तो नदारद हो गए
हैं जीवन से | भौतिक सुखों को तलाशते हुए व्यक्ति अपनी आंतरिक शक्तियों को विस्मृत कर
चुका है | अनंत सुखों का स्वामी होकर भी व्यक्ति दरिद्र बना हुआ है, वह निरंतर
दुःख और तनाव से पीड़ित है | वह कितने ही भौतिक संसाधनों का अम्बार लगा ले, कभी भी
सुखी नहीं हो सकता जब तक वह अपने भीतर सुख नहीं ढूंढेगा तब तक दुखों से कैसे
मुक्ति पायेगा ? हमें सुख की प्राप्ति के लिए
पीछे मुड़कर अपनी समृद्ध परम्परा को देखना होगा, अपनाना होगा अपनी प्राचीन
पद्धतियों को, जिनसे हमें एक सशक्त मार्ग मिलेगा जिसे हम योग कहते हैं |
हमारे भीतर अनंत शक्तियां छिपी हैं, आवश्यकता है उन्हें जगाने की | योग ही एक ऐसा
उत्तम एवं सरल मार्ग है जिसके द्वारा हम अपनी शक्तियों को जगाकर अनंत आनंद
,शक्तियों एवं शांति को प्राप्त कर सकते हैं | महर्षि पतंजलि ने योगशास्त्र में
लिखा है मन की वृत्तियों को रोकना ही योग
है | यदि हम अपने अंतःकरण को पवित्र कर मन
को नियंत्रित कर सद्कर्म करते हुए जीवन यापन करें तो स्वयं तो अनंत आनंद को
प्राप्त करेंगे ही साथ ही सभी को सुख प्रदान करेंगे | तभी सर्वे भवन्तु सुखिनः
की उक्ति चरितार्थ होगी तथा वसुधैव कुटुम्बकम की भावना बलवती होगी | न कोई
मार-काट होगी, न किसी से कोई आतंकित होगा | वसुंधरा भी शस्यश्यामला होगी ,
वायु एवं जल भी सुगन्धित होंगे | बस आवश्यकता है तो सिर्फ इस बात की, कि हम अपने
मन में उठते बुरे विचारों को नियंत्रित
करें और जन-कल्याण को महत्त्व दें | इन सबकी प्राप्ति हमें योग द्वारा हो सकती है
| तो क्यों न हम आज से बल्कि अभी से योग अपनाएँ और जीवन को सुखी बनाएँ |
उपरोक्त अनुच्छेद को ध्यान से पढ़कर निम्नांकित प्रश्नों के उत्तर लिखिए -
प्रश्न १- वर्तमान समय में मनुष्य कौन से दुर्गुणों से त्रस्त है ?
प्रश्न २- मनुष्य दुखों से कैसे मुक्ति पायेगा ?
प्रश्न ३ हमें सुख की प्राप्ति के लिए क्या करना चाहिए ?
प्रश्न ४ योग के द्वारा चरितार्थ होने वाली उक्तियों को लिखिए |
प्रश्न ५ आपने अनुच्छेद को ध्यान से पढ़ा है , आप इसे क्या नाम देना
चाहेंगे ?
प्रश्न ६ - निम्नलिखित शब्दों के विलोम शब्द लिखिए -क - सुखी - ख - अनंत -
ग - जीवन घ - स्वामी
प्रश्न ७ - निम्नलिखित शब्दों के पर्यायवाची शब्द लिखिए -
क- आनंद - १- २ -
ख- इंसान - १- २ -
प्रश्न ८ - गद्यांश से चुनकर कोई दो संयुक्ताक्षर शब्द लिखिए -
१- २-
No comments:
Post a Comment