अपठित गद्यांश ३३
बात उन दिनों की है जब सिकंदर विश्व विजय के लिए अपनी बड़ी एवं शक्तिशाली
सेना के साथ निकला हुआ था | कई देशों को जीतते हुए वह एक छोटे से देश में जा
पहुँचा और उसे भी जीत लेने के लिए युद्ध प्रारंभ कर दिया | मगर वहाँ का राजा फिलिप
बड़ा ही समझदार था | उसकी कुशाग्र बुद्धि के चर्चे दूर-दूर तक फैले हुए थे | सिकंदर
की ताकत देखकर उसने सोच-समझकर रणनीति बनाई | योजनानुसार उसने अपनी सम्पूर्ण सेना
मोर्चे पर खड़ी कर दी और युद्ध का नगाड़ा बजते ही युद्ध समाप्ति की घोषणा कर दी |
युद्ध समाप्ति की घोषणा होते ही सिकंदर के सैनिकों ने राजा फिलिप को कैद कर लिया |
उसे सिकंदर के सामने लाया गया | सिकंदर बोला “अब तुम हमारे गुलाम हो और हम
तुम्हारे शासक | मगर तुमने बिना लड़े ही
हार क्यों मान ली” ? फिलिप ने उत्तर दिया – “ बादशाह सेना के सामने हमारी सेना कुछ
भी नहीं | इस युद्ध में हमारी हार निश्चित थी , तो फिर बेगुनाहों का खून बहाकर
क्या लाभ होता ?” फिलिप के उत्तर से प्रभावित होकर सिकंदर ने उसकी बेड़ियाँ खुलवा
दीं | तभी वहाँ उन्हें कोलाहल सुनाई दिया | राजा फिलिप ने सिकंदर से पूछा “ यह
बाहर क्या हो रहा है | सिकंदर बोला “ हमारे सैनिक आपके शहर में तबाही मचा रहे हैं
और लोगों को लूट रहे हैं”| फिलिप ने बुद्धिमानी दिखाते हुए कहा –“मगर बादशाह , अब
ये शहर मेरा नहीं , बल्कि आपका ही शहर है
| आप अपने ही शहर और अपनी ही प्रजा को लूट रहे हैं | क्या लोग इसीलिए लोग आपको
सिकंदर महान कहते हैं”| राजा फिलिप की बात सुनकर सिकंदर एक बार फिर राजा फिलिप की
बुद्धि का कायल हो गया | उसने तुरंत कत्लेआम और लूटपाट को रुकवाने का आदेश दिया और
उस देश की बागडोर फिलिप को ही सौंपकर वापस लौट गया |
प्रश्न १ - सिकंदर के बारे में आप क्या जानते हैं ? दो से तीन पंक्तियों
में लिखिए|
प्रश्न २ - राजा फिलिप कैसा राजा था ?
प्रश्न ३ - राजा फिलिप ने युद्ध का नगाड़ा बजते ही युद्ध समाप्ति की घोषणा
कर दी क्यों ?
प्रश्न ४ - राजा फिलिप के उत्तर को सुनकर सिकंदर ने क्या किया ?
प्रश्न ५ - सिकंदर राजा फिलिप की बुद्धि का कायल क्यों हुआ ?
प्रश्न ६ – गद्यांश से चार विशेषण शब्द चुनकर लिखिए –
प्रश्न ७ - गद्यांश से दो भाववाचक संज्ञा शब्द चुनकर लिखिए-
प्रश्न ८ – निम्नलिखित शब्दों के अर्थ लिखिए –
क – प्रारंभ ख – कत्लेआम ग - कोलाहल घ - बागडोर
प्रश्न ९ - निम्नलिखित शब्दों के विलोम शब्द लिखिए
क- गुलाम ख- समझदार ग- शहर घ-
प्रजा
प्रश्न १० - निम्नलिखित वाक्यांशों के लिए एक शब्द गद्यांश से चुनकर
लिखिए –
१ – जिसकी बुद्धि तेज हो –
२ – युद्ध जीतने हेतु बनायी जाने वाली योजना -