Wednesday, 18 July 2018


                                  अपठित गद्यांश ३३ 

बात उन दिनों की है जब सिकंदर विश्व विजय के लिए अपनी बड़ी एवं शक्तिशाली सेना के साथ निकला हुआ था | कई देशों को जीतते हुए वह एक छोटे से देश में जा पहुँचा और उसे भी जीत लेने के लिए युद्ध प्रारंभ कर दिया | मगर वहाँ का राजा फिलिप बड़ा ही समझदार था | उसकी कुशाग्र बुद्धि के चर्चे दूर-दूर तक फैले हुए थे | सिकंदर की ताकत देखकर उसने सोच-समझकर रणनीति बनाई | योजनानुसार उसने अपनी सम्पूर्ण सेना मोर्चे पर खड़ी कर दी और युद्ध का नगाड़ा बजते ही युद्ध समाप्ति की घोषणा कर दी | युद्ध समाप्ति की घोषणा होते ही सिकंदर के सैनिकों ने राजा फिलिप को कैद कर लिया | उसे सिकंदर के सामने लाया गया | सिकंदर बोला “अब तुम हमारे गुलाम हो और हम तुम्हारे शासक | मगर तुमने  बिना लड़े ही हार क्यों मान ली” ? फिलिप ने उत्तर दिया – “ बादशाह सेना के सामने हमारी सेना कुछ भी नहीं | इस युद्ध में हमारी हार निश्चित थी , तो फिर बेगुनाहों का खून बहाकर क्या लाभ होता ?” फिलिप के उत्तर से प्रभावित होकर सिकंदर ने उसकी बेड़ियाँ खुलवा दीं | तभी वहाँ उन्हें कोलाहल सुनाई दिया | राजा फिलिप ने सिकंदर से पूछा “ यह बाहर क्या हो रहा है | सिकंदर बोला “ हमारे सैनिक आपके शहर में तबाही मचा रहे हैं और लोगों को लूट रहे हैं”| फिलिप ने बुद्धिमानी दिखाते हुए कहा –“मगर बादशाह , अब ये शहर  मेरा नहीं , बल्कि आपका ही शहर है | आप अपने ही शहर और अपनी ही प्रजा को लूट रहे हैं | क्या लोग इसीलिए लोग आपको सिकंदर महान कहते हैं”| राजा फिलिप की बात सुनकर सिकंदर एक बार फिर राजा फिलिप की बुद्धि का कायल हो गया | उसने तुरंत कत्लेआम और लूटपाट को रुकवाने का आदेश दिया और उस देश की बागडोर फिलिप को ही सौंपकर वापस लौट गया |
प्रश्न १ - सिकंदर के बारे में आप क्या जानते हैं ? दो से तीन पंक्तियों में लिखिए|
प्रश्न २ - राजा फिलिप कैसा राजा था ?
प्रश्न ३ - राजा फिलिप ने युद्ध का नगाड़ा बजते ही युद्ध समाप्ति की घोषणा कर दी क्यों ?
प्रश्न ४ - राजा फिलिप के उत्तर को सुनकर सिकंदर ने क्या किया ?
प्रश्न ५ - सिकंदर राजा फिलिप की बुद्धि का कायल क्यों हुआ ?
प्रश्न ६ – गद्यांश से चार विशेषण शब्द चुनकर लिखिए –
प्रश्न ७ - गद्यांश से दो भाववाचक संज्ञा शब्द चुनकर लिखिए-
प्रश्न ८ – निम्नलिखित शब्दों के अर्थ लिखिए –
क – प्रारंभ      ख – कत्लेआम       ग - कोलाहल    घ -   बागडोर
प्रश्न ९ - निम्नलिखित शब्दों के विलोम शब्द लिखिए
क- गुलाम                ख- समझदार       ग- शहर           घ- प्रजा
प्रश्न १० - निम्नलिखित वाक्यांशों के लिए एक शब्द गद्यांश से चुनकर लिखिए –
१ – जिसकी बुद्धि तेज हो –
२ – युद्ध जीतने हेतु बनायी जाने वाली योजना -


No comments:

Post a Comment