Saturday, 14 July 2018

                                             अपठित ३२ 


बच्चों को बचपन से ही निडर बनाएँ, उन्हें भयमुक्त जीवन दें | क्योंकि भय एक प्रकार का विकार है | भय से मनुष्य टूट जाता है और धीरे-धीरे उसके व्यक्तित्व का विकास भी रुक जाता है | भय की कोई वास्तविकता नहीं होती | इसे अपने पास फटकने न दें | यह स्वयं हमारे द्वारा पैदा किया हुआ एक दोष होता है | खेल-खेल में हम बच्चों को भयभीत करते हैं, कुछ बच्चे तो बड़े होने पर उस भय से बाहर निकल जाते हैं किन्तु कुछ नहीं | ऐसे बच्चे जीवन के अंत तक डरपोक ही बने रहते हैं | मनोविज्ञान भय को एक विकार मानता है | जब मनुष्य मन से भयभीत होता है, तो उसके मस्तिष्क की ग्रन्थियाँ सक्रिय होकर एक प्रकार का स्राव प्रवाहित करती हैं | इस कारण उसकी मानसिक दृढता कमजोर हो जाती है | इसका प्रभाव हर व्यक्ति पर अलग-अलग तरह से पड़ता है | अतः बच्चों को बचपन से ही बहादुर बनाने का प्रयास करें | उन्हें धर्मवीर , शूरवीर या कर्मवीर बनाएँ | जैसे शिवाजी की माँ ने उन्हें बनाया | बच्चों के मन में प्रारम्भ से ही अच्छे संस्कार डाले जाएँ और उन्हें समाज के हित के लिए कार्य करने की प्रेरणा दी जाए | यदि बच्चों के कोमल मन में उच्च आदर्शों एवं शिक्षा तथा संस्कारों का मेल होगा तो वे स्वयं ही कुछ अच्छा करने के लिए प्रेरित होंगे | भयभीत व्यक्ति जीवन के हर क्षेत्र में असफल ही होता है | इसके विपरीत जिसके पास आत्मविश्वास व आंतरिक मजबूती है वह बड़े से बड़ा काम चुटकी बजाते ही कर लेता है | यदि हमें डरना है तो पाप से डरें, कुकर्म से डरें | ईश्वर ने हमें डरपोक बनकर जीने के लिए नहीं भेजा है | आप भयमुक्त जीवन जीना सीखें | अपने भीतर छुपी हुई शक्तियों को जाग्रत कर उन्नति के शिखर को छुएँ | सत्कार्यों से निर्भयता आती है एवं जीवन सत्यम, शिवम् एवं सुन्दरम की स्थिति को प्राप्त होता है |

   प्रश्न १ – गद्यांश का उचित शीर्षक बताइए –
क-       क -   उच्च आदर्श      ख – अच्छे संस्कार     ग – बहादुर जीवन घ – भयमुक्त जीवन

प्रश्न २ – डरपोक शब्द का उचित विलोम शब्द को चुनिए |
क – कायर        ख- बहादुर       ग – सत्य            घ –जीना

प्रश्न ३ – पाप शब्द का उचित विलोम शब्द को चुनिए |
क – पुण्य        ख – कुकर्म       ग – शक्ति           घ – पापी

प्रश्न ४ -  उन्नति शब्द का उचित पर्यायवाची  शब्द को चुनिए |
क – अवनति      ख – अधोगति    ग- प्रगति       घ – प्रगतिशील

प्रश्न ५ – जीवन के अंत तक बच्चे भयभीत क्यों बने रहते हैं ? स्पष्ट कीजिए |

प्रश्न ६ – ‘बच्चे निडर बनें’ इसके लिए माता-पिता को क्या प्रयास करना चाहिए ?

प्रश्न ७ – गद्यांश में हमें किससे डरने के लिए कहा गया है ?

प्रश्न ८ – गद्यांश में आए ‘ता’ प्रत्यय वाले दो शब्द ढूंढकर लिखिए |

प्रश्न ९ – भयभीत व्यक्ति एवं निडर व्यक्ति के बीच क्या अंतर होता है ? स्पष्ट कीजिए |

प्रश्न १० - जीवन में सत्यम, शिवम् एवं सुन्दरम की स्थिति कब प्राप्त होती है ?

No comments:

Post a Comment