Saturday, 4 February 2017

                           अपठित गद्यांश  १२ 
भगवान कृष्ण की जन्मस्थली मथुरा को कौन नहीं जानता | भारत में ही नहीं बल्कि,विश्वभर में मथुरा के मंदिरों की धूम है | यदि मथुरा कृष्ण जी की जन्म-भूमि है तो मथुरा से सटे वृन्दावन में उन्होंने बचपन बिताया है | बचपन में कान्हा बड़े ही नटखट थे | माखन चुराना, गोपियों की मटकी तोड़ना उनके प्रिय खेल थे | वे ग्वाल-बालों के साथ गेंद भी खेलते थे | एक बार गेंद खेलते समय उनकी गेंद यमुना में चली गई | उनके सभी मित्र उदास हो गए कि गेंद तो यमुना में चली गई है , अब कैसे खेलेंगे ? कान्हा ने उन्हें आश्वासन दिया कि वे नदी से गेंद लेकर आते हैं | सब ग्वालों ने उन्हें रोकते हुए कहा कि यमुना जी में एक भयंकर काला नाग रहता है ,वह तुम्हें जीवित नहीं छोड़ेगा | अतः हमें खेलने का विचार त्याग कर घर वापस चलना चाहिए | जब-तक मित्र-मण्डली कुछ समझ पाती कन्हैया कालिंदी में कूद गए | सब घबरा गए और भागकर यशोदा मैया के पास गए | उन्हें सारी बात बतायी | यशोदा मैया और नंदबाबा रोते-बिलखते यमुना तट पहुँचे, वे मन ही मन ईश्वर से प्रार्थना कर रहे थे कि " प्रभु मेरे लाड़ले को सही-सलामत भेज दो|" इतने में ही उन्होंने देखा कि कन्हैया नाग के सिर पर खड़ा बांसुरी बजा रहा है | कान्हा को सही-सलामत देखकर सबकी जान में जान आई और प्रसन्नता की लहर दौड़ गई | कृष्ण ने कालिया नाग के साथ घोर युद्ध कर उसे हरा दिया था और उसे यमुना जी को छोड़कर कहीं अन्य स्थान पर जाने को कहा था | कहते हैं कि युद्ध के समय उसने विष छोड़ा था ,उसी विष के कारण कालिंदी का रंग काला हो गया |

गद्यांश को ध्यान से पढ़कर निम्नलिखित प्रश्नों के उत्तर लिखिए
प्रश्न १-भगवान कृष्ण का जन्म कहाँ हुआ था ?
प्रश्न २-कृष्ण जी का बचपन कहाँ बीता ?
प्रश्न ३-अपठित गद्यांश में आए मुहावरे ढूँढकर लिखिए तथा यमुना नदी का दूसरा नाम बताइए
प्रश्न ४-कृष्ण जी किसके साथ गेंद खेल रहे थे तथा गेंद कहाँ चली गई |
प्रश्न ५-  कारण बताइए कि यमुना का रंग काला क्यों हो गया ?
उत्तर पत्र 
उत्तर -भगवान कृष्ण का जन्म मथुरा में हुआ था |
उत्तर २-कृष्ण जी का बचपन वृन्दावन में बीता |
उत्तर ३- मुहावरे १-जान में जान आई     २- प्रसन्नता की लहर दौड़ गई |
उत्तर ४- कृष्ण जी ग्वाल-बालों के साथ गेंद खेल रहे थे , उनकी गेंद यमुना नदी में चली गई थी |
उत्तर ५-कृष्ण जी गेंद लेने के लिए यमुना में गए और उन्होंने यमुना में रहने वाले कालिया नाग को मार दिया | ऐसा माना जाता है कि उसके विष के कारण ही यमुना नदी का रंग काला हो गया |

No comments:

Post a Comment