अपठित ३९
कहते हैं न कि “मन के हारे हार है मन के
जीते जीत” अर्थात आप यदि आत्मविश्वास से भरपूर हैं तो जीत आपकी निश्चित है , जरा
सा भी मन विचलित हुआ नहीं कि आपको हार ने जकड लिया | इसीलिए मनुष्य में
आत्मविश्वास का होना अत्यंत आवशयक है | कितनी भी कठिन परिस्थिति क्यों न हो
यदि आप में आत्मविश्वास है तो आप बिना
विचलित हुए अपने कार्य को सहजता से पूरा कर लेंगे | मिसाइल मैन के नाम से विख्यात
और भारत के पूर्व राष्ट्रपति डॉ एपीजे अब्दुल कलाम का बचपन काफी गरीबी में बीता |
अपनी पढ़ाई पूरी करने के लिए उन्हें अपने गृह नगर रामेश्वरम में अखबार तक बेचना पड़ा
| एयरोनौटिकल इंजीनियरिंग में विशेषज्ञता के साथ प्रसिद्धि प्राप्त करने वाले डॉ कलाम एक फाइटर पायलट बनना चाहते थे , किन्तु
उनका यह सपना साकार नहीं हो पाया क्योंकि वह वायुसेना में उपलब्ध आठ स्थानों में
नौवें स्थान पर आए , लेकिन उन्होंने अपने इस सपने की असफलता और पारिवारिक
मजबूरियों को अपने जीवन की बाधा नहीं बनने दिया | यदि वे अपने जीवन में इस असफलता
से निराश होकर सफल होने की कोशिश नहीं करते तो आज पूरी दुनिया एक असाधारण रूप से
प्रतिभाशाली वैज्ञानिक की हैरतअंगेज कामियाबियों से वंचित रह जाती | एक अन्य
प्रसंग श्री हनुमान जी का भी ले सकते हैं कि रावण की लंका में प्रवेश कर , मुख्य
भवनों को ध्वस्त कर उसके सामने जिस निडरता के साथ उपस्थित हुए , वह सब केवल उनका
आत्मविश्वास ही था | सच है कि आत्मविश्वास मानव जीवन में सफलता की सबसे बड़ी सीढ़ी
है | यह एक ऐसा अस्त्र है जिसके बल पर दुनिया के किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया
जा सकता है | आत्मविश्वास से आत्मबल प्राप्त होता है और यही मनुष्य को लोहे से भी
मजबूत बनाता है | अतः हम जीवन में कितनी ही कठिन परिस्थितियों और मुसीबतों में
क्यों न घिर जाएँ हमें आत्मविश्वास नहीं छोड़ना चाहिए |
प्रश्न १ डॉ एपीजे अब्दुल कलाम भारत के कौन थे ?
प्रश्न २ उन्होंने किस क्षेत्र में
विशेषज्ञता प्राप्त की थी ?
प्रश्न ३ वे क्या बनना चाहते थे ?
प्रश्न ४ डॉ कलाम के गृह नगर का क्या नाम है ?
प्रश्न ५ अपनी पढ़ाई का खर्च उठाने के लिए
उन्हें क्या करना पड़ा ?
प्रश्न ६ मानव जीवन में सफलता की सीढ़ी
क्या है ?
प्रश्न ७ आत्मबल हमें किससे प्राप्त होता
है ?
प्रश्न ८ गद्यांश में कई प्रत्यय प्रयुक्त
हुए हैं | प्रत्यय वाले चार शब्द ढूंढ़कर
लिखिए –
प्रश्न ९ कामयाबी शब्द का समानार्थी शब्द
गद्यांश में दिया हुआ है , ढूंढ़कर लिखिए-
प्रश्न १० गद्यांश का उचित शीर्षक बताइए -
No comments:
Post a Comment