मेरा नाम ईशान है | मैं मध्य प्रदेश के ग्वालियर शहर में रहता हूँ |
मेरा घर शहर से दूर खेरापति कालोनी में है | मैं संयुक्त परिवार में रहता हूँ |
हमारा घर बड़ा है | घर में कई कमरे हैं | एक बड़ा आँगन एवं एक बड़ा बगीचा भी है | यह
बगीचा मुझे और मेरे दादाजी को बेहद प्रिय है | बगीचे में हर मौसम में रंग-बिरंगे
फूल खिलते हैं | इन फूलों की महक से हमारा घर हमेशा महकता रहता है | बगीचे में फूलों की
क्यारियों के अलावा रसीले फलों के पेड़ भी हैं | इन वृक्षों पर कई पक्षियों ने अपने
घोंसले भी बना रखे हैं | एक दिन दादाजी ने मुझे इन पेड़ों के बारे में बताया कि आम
का पेड़ उन्होंने पापा के जन्म पर लगाया था तो चाचा के जन्म पर जामुन का | बुआ के जन्म पर लीची का पेड़
लगाया था | इस प्रकार हर बच्चे के जन्म पर उन्होंने कोई न कोई पेड़ लगाया और उसका भी
नाम रखकर उसकी देखभाल भी अपने बच्चों की तरह ही की | पेड़ों पर बड़ी ही फुर्ती से
चढ़ती-उतरती गिलहरी को देखते ही मुझमें भी फुर्ती सी आ जाती है | इन वृक्षों पर खूब
फल आते हैं | इन फलों को हम लोग तो खाते ही हैं पर दादी आस-पड़ोस में भी सबको बाँट देती हैं | हाँ एक बात और कि दादी , हमारे
घर काम करने वाली बबीता आंटी को भी फल देना नहीं भूलती | बगीचे में हरी मुलायम घास
पर आराम करना बहुत आनंददायक होता है | पेड़ों पर बैठे पक्षियों की आवाज से वातावरण
मनमोहक हो जाता है | दादाजी ने बगीचे के एक कोने में झूला भी लगा रखा है जिस पर हम
बच्चों को झूलने में बड़ा मजा आता है | सावन के महीने में मेरी माँ , चाची एवं दादी
की सहेलियाँ आती हैं और झूला झूलते हुए सावन के गीत गाती हैं | इस प्रकार हमारा यह
बगीचा हमें हमारी संस्कृति से भी जोड़े रखता है | मुझे मेरा बागीचा बेहद प्रिय है |
गद्यांश को ध्यानपूर्वक
पढ़कर पूछे गए प्रश्नों के उत्तर दीजिये –
प्रश्न १-ग्वालियर शहर भारत
के किस प्रदेश में है ?
प्रश्न २- अपने बगीचे के
बारे में चर्चा कौन कर रहा है ?
प्रश्न ३ – बगीचे में लगे
आम, जामुन और लीची के पेड़ों की क्या ख़ास बात है ?
प्रश्न ४ – दादी फलों
को किस-किस को बाँटती हैं ?
प्रश्न ५- झूला
झूलने किस-किस की सहेलियां आती हैं ?
प्रश्न ६- बगीचे की
घास की क्या विशेषता है ?
प्रश्न ७- गद्यांश
से दो क्रिया शब्द चुनकर लिखिए –
प्रश्न ८ - गद्यांश
से दो विशेषण शब्द चुनकर लिखिए –
प्रश्न ९ –गद्यांश
का उचित शीर्षक बताएँ |
प्रश्न १० – गिलहरी कैसी
होती है ?
उत्तर पत्र –
१- मध्य प्रदेश में |
२- ईशान
३-
इन पेड़ों की ये विशेषताएं
हैं कि आम का पेड़ पापा के जन्म पर तो चाचा के जन्म पर जामुन का और बुआ के जन्म पर लीची का पेड़ लगाया गया था |
४- दादी आस-पड़ोस में भी सबको बाँट देती हैं
और हमारे घर काम करने वाली बबीता आंटी को भी फल देना नहीं भूलती |
५ – माँ
, दादी और चाची की |
६ - घास हरी और मुलायम है |
७- बाँटती , भूलती
८ – रसीले , रंग-बिरंगे
९- मेरा सुंदर बगीचा
१०- बड़ी ही फुर्तीली
No comments:
Post a Comment